Tuesday, October 20th, 2026

पशुपालन के क्षेत्र में आयेगी क्रांति - डॉ. मिश्रा

भोपाल
पशुओं की नस्ल में सुधार और दुग्ध उत्पादन में अप्रत्याशित वृद्धि से पशुपालकों का आर्थिक सशक्तिकरण होगा। दतिया और आसपास के 17 जिलों के पशुपालक होंगे लाभान्वित। गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दतिया जिले के नौनेर में 13 करोड़ 42 लाख की लागत से नव-निर्मित सीमेन स्टेशन (वीर्य संस्थान) के लोकार्पण अवसर पर यह बात कही। उन्होंने सीमेन स्टेशन का भ्रमण कर अवलोकन भी किया।

मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि अंचल के 17 जिलों के किसान एवं पशुपालक अपने पशुओं की नस्ल के सुधार और उन्नत किस्म के पशुओं के लिये सीमेन स्टेशन का लाभ ले सकेंगे। इस स्टेशन पर गिर, साहिवाल, थारापरकर, मुर्रा के साथ संकर जर्सी और एचएफ नस्लों के सीमेन उत्पादन के लिये लगभग 60 सांडों को रखा जायेगा। स्टेशन में अप्रैल-2021 से सीमेन उत्पादन एवं प्र-संस्करण का कार्य शुरू हो जायेगा। यहाँ प्रतिवर्ष 5 लाख फ्रोजन सीमेन डोज का उत्पादन होगा। उत्पादन में बॉयो सिक्यूरिटी के मापदण्डों का पालन किया जायेगा और भारत सरकार द्वारा जारी एमएसपी अनुसार संचालन होगा। डॉ. मिश्रा ने बताया कि यह स्टेशन प्रदेश का दूसरा वृहद सीमेन स्टेशन है, जो 50 एकड़ भूमि पर स्थापित किया गया है।

लोकार्पण अवसर पर प्रबंध संचालक राज्य पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम  एस.पी.एस. भदौरिया, पूर्व विधायकद्वय डॉ. आशाराम अहिरवार एवं  प्रदीप अग्रवाल,  सुरेन्द्र बुधौलिया,  पंकज शुक्ला,  जीतू कमरिया एवं किसान बँधु व अधिकारीगण मौजूद थे।

 

#दुग्ध उत्पादन

Source : Agency

पाठको की राय